उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद बदला मौसम, धूप खिलते ही चमकीं चोटियां; बदरीनाथ-हेमकुंड में बढ़ी ठंड
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने करवट ली है। बारिश और बर्फबारी के बाद बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम समेत ऊंची पर्वत चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। शुक्रवार को धूप खिलने के बाद बर्फ से ढकी चोटियों का मनमोहक दृश्य देखने को मिला।
चमोली (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। बदरीनाथ धाम में बृहस्पतिवार को हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह मौसम साफ हुआ और चटख धूप खिली। धूप निकलते ही बदरीनाथ धाम की ऊंची पर्वत चोटियां बर्फ की सफेद चादर में लिपटी नजर आईं। नीलकंठ, उर्वशी और माना पर्वत सहित आसपास की चोटियों पर हुई बर्फबारी ने बदरीनाथ धाम की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। बर्फबारी के बाद क्षेत्र में ठंड भी बढ़ गई है। धाम में तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ती धूप का खूबसूरत नजारा बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। श्रद्धालु पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता को देखकर रोमांचित नजर आए।
बड़कोट में भी मौसम सुहावना
उत्तरकाशी के बड़कोट क्षेत्र में भी मौसम अनुकूल बना हुआ है। शुक्रवार को यहां चटख धूप खिली रही। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। मां यमुना के जयकारों के बीच श्रद्धालु पैदल मार्ग पर आते-जाते दिखाई दिए।
खुशनुमा मौसम के बीच श्रद्धालु पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे हैं। वहीं, यात्रा से जुड़े कारोबारियों और स्थानीय लोगों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
हेमकुंड साहिब में बर्फबारी से बढ़ी ठंड
बृहस्पतिवार को मौसम खराब होने के बाद हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ धाम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। हेमकुंड साहिब परिसर में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे क्षेत्र में ठंड काफी बढ़ गई है।
सुबह से मौसम में बदलाव के बाद कुछ देर में हेमकुंड साहिब परिसर और बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। इसके बाद से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ गया है।
केदारनाथ और तुंगनाथ में भी बढ़ी ठंड
रुद्रप्रयाग जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों के साथ निचले इलाकों में भी बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। केदारनाथ, मद्महेश्वर और तुंगनाथ में ठंड बढ़ गई है।
रुद्रप्रयाग में बारिश के बाद अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं केदारनाथ में अधिकतम तापमान करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। केदारनाथ में बारिश का दौर जारी है और बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है।
यमुनोत्री की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी
यमुनोत्री क्षेत्र में सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा टॉप की चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। इसके चलते यमुनोत्री धाम में तापमान गिरने से श्रद्धालुओं को ठंड का अधिक अहसास होने लगा है।
यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल के अनुसार, सुबह से धाम में बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। बारिश और ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालुओं को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
वहीं, उत्तरकाशी के निचले इलाकों में भी सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। गंगोत्री क्षेत्र में दिनभर बादल छाए रहे, हालांकि यहां बारिश की सूचना नहीं है।
बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तराखंड के चारधाम और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम साफ होने पर बर्फ से ढकी चोटियों का नजारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पर हमसे जुड़ने के लिए
यहाँ क्लिक
करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के
अपडेट के लिए हमे गूगल
न्यूज़
पर फॉलो करे







