उत्तराखंड | धामी कैबिनेट का होगा विस्तार! मुख्यमंत्री ने दिए संकेत, कही बड़ी बात

  1. Home
  2. Dehradun

उत्तराखंड | धामी कैबिनेट का होगा विस्तार! मुख्यमंत्री ने दिए संकेत, कही बड़ी बात

Dhami

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बारे में चर्चा करने के लिए महासंपर्क अभियान के बाद पार्टी नेताओं के साथ बैठेंगे। पिछले कुछ दिनों से मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार की तेज होती चर्चाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से यह बात कही।


 

देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड के लिए बड़ी ख़बर है। भारतीय जनता पार्टी के महा जनसंपर्क अभियान के बाद धामी मंत्रिमंडल के विस्तार या मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर बैठक हो सकती है। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री धामी ने दी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बारे में चर्चा करने के लिए महासंपर्क अभियान के बाद पार्टी नेताओं के साथ बैठेंगे। पिछले कुछ दिनों से मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार की तेज होती चर्चाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने मीडियाकर्मियों से यह बात कही।

आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर चर्चाएं थीं कि हाल ही में नई दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेताओं की बैठक में लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत राज्यों में कुछ बड़े राजनीतिक बदलाव करने पर विचार हुआ। इन राज्यों में उत्तराखंड भी शामिल बताया जा रहा है।

अटकलें तो यहां तक लगाई गईं कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री से उनके सभी मंत्रियों की परफॉरमेंस रिपोर्ट मांग ली है, जिससे उनका आगे का भविष्य तय होगा। हालांकि भाजपा व सरकार की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई।

इन चर्चाओं के बीच पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कैबिनेट विस्तार के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, भाजपा सबकी राय से चलने वाली पार्टी है। यहां लोकतांत्रिक व्यवस्था है। सीएम ने कहा, भाजपा में सभी काम तय समय पर होते हैं। अभी पार्टी का महासंपर्क अभियान चल रहा है। उसके बाद वह वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठेंगे। यानी जुलाई माह में मंत्रिमंडल विस्तार या उसमें फेरबदल पर कोई निर्णय हो सकता है।

सरकार गठन के बाद से ही धामी मंत्रिमंडल में तीन पद खाली चल रहे थे। कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास का असामयिक निधन हो जाने से खाली पदों की संख्या बढ़कर चार हो गई। इन चार पदों के लिए कई नाम तैर रहे हैं। इनमें जातीय समीकरणों और महिला व युवा के हिसाब से अंदाज लगाए जा रहे हैं। सियासी हलकों में तैर रही अटकलों के मुताबिक, धामी मंत्रिमंडल में बदलाव के बजाय विस्तार की ज्यादा संभावनाएं जताई जा रही हैं।

बहरहाल धामी कैबिनेट विस्तार की खबरें बीते दिनों भी खूब चली थी लेकिन ऐसा देखने को मिला नहीं, इस बार मुख्यमंत्री धामी ने संकेत दिए हैं तो माना जा  रहा है कि जल्द खाली पड़े मंत्रीपदों को भरा जा सकता है, ऐसे में देखना ये होगा कि किन विधायकों को मंत्रीपद मिलता है।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे