जोशीमठ में भू-धंसाव से डर और आक्रोश, जिला प्रशासन ने तत्काल लिया ये बड़ा फैसला

  1. Home
  2. Uttarakhand
  3. Chamoli

जोशीमठ में भू-धंसाव से डर और आक्रोश, जिला प्रशासन ने तत्काल लिया ये बड़ा फैसला

Joshimath

जोशीमठ में भू-धंसाव को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। गुरुवार को क्षेत्र में बाजार पूरी तरह से बंद रहा। प्रभावित लोगों ने दिनभर बदरीनाथ हाईवे पर चक्काजाम रखा।


 

जोशीमठ (उत्तराखंड पोस्ट) जोशीमठ में भू-धंसाव को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। गुरुवार को क्षेत्र में बाजार पूरी तरह से बंद रहा। प्रभावित लोगों ने दिनभर बदरीनाथ हाईवे पर चक्काजाम रखा।

लोगों का कहना है कि जोशीमठ में भूमिगत टनल के निर्माण को लेकर विस्फोट किए जा रहे हैं। जिससे जोशीमठ नगर में भू-धंसाव हो रहा है। जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि बदरीनाथ हाईवे पर हेलंग बाईपास मार्ग के निर्माण के साथ ही एनटीपीसी के परियोजना निर्माण कार्य को तत्काल रोकने के निर्देश दे दिए गए हैं।

एनटीपीसी को प्रभावित परिवारों के लिए जोशीमठ के सुरक्षित स्थानों में लगभग 2000 प्री फेब्रीकेट हट्स बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के आश्वासन पर दोपहर साढ़े तीन बजे लोगों ने हाईवे से जाम हटाया और अपने घरों को लौट गए।

संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती ने कहा कि अभी आंदोलन स्थगित नहीं किया है। यदि आश्वासन के बाद भी जोशीमठ क्षेत्र में परियोजना निर्माण कार्य होते हैं, तो फिर आंदोलन शुरु  कर दिया जाएगा।

आंदोलनकारियों का कहना था कि जोशीमठ नगर में भूमिगत टनल का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके निर्माण में एनटीपीसी की ओर से विस्फोट किए जा रहे हैं। जिससे जोशीमठ नगर में भू-धंसाव हो रहा है। कहा गया कि टनल में भारी मात्रा में पानी जमा है। यह पानी जमीन से बाहर निकल रहा है। टनल में जमा पानी के निस्तारण की व्यवस्था की जाए। जिसके बाद अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने लोगों को बताया कि परियोजना के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। साथ ही हेलंग-मारवाड़ी बाईपास मार्ग का निर्माण कार्य भी तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। नगर पालिका क्षेत्र जोशीमठ में चल रहे सभी निर्माण कार्यों पर भी रोक लगा दी गई है। वैज्ञानिकों की टीम जोशीमठ नगर का सर्वेक्षण कार्य करेगी।

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे