घोड़े की टांग टूटने के मामले में भाजयुमो नेता गिरफ्तार

  1. Home
  2. Uttarakhand

घोड़े की टांग टूटने के मामले में भाजयुमो नेता गिरफ्तार

14 मार्च को देहरादून में भाजपा के विधानसभ घेराव के दौरान घोड़े ‘शक्तिमान’ के घायल होने के मामले में देहरादून पुलिस ने हल्द्वानी से भाजयुमो नेता प्रमोद बोरा को गिरफ्तार किया है। हल्द्वानी के ग्राम कमलुवागांजा निवासी प्रमोद बोरा गुरुवार को भाजपा ग्रामीण मंडल के ब्लॉक परिसर में आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे थे।


14 मार्च को देहरादून में भाजपा के विधानसभ घेराव के दौरान घोड़े ‘शक्तिमान’ के घायल होने के मामले में देहरादून पुलिस ने हल्द्वानी से भाजयुमो नेता प्रमोद बोरा को गिरफ्तार किया है। हल्द्वानी के ग्राम कमलुवागांजा निवासी प्रमोद बोरा गुरुवार को भाजपा ग्रामीण मंडल के ब्लॉक परिसर में आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे थे। दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शन के बाद वह कुसुमखेड़ा की ओर रवाना हो गए थे। इस दौरान रास्ते से उन्हें दून पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। हल्द्वानी के एसपी सिटी यशवंत सिंह ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की।

वहीं घोड़े को गिराकर घायल करने के आरोपी भाजपा के अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के भी दून पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके तहत देहरादून के सहसपुर में भी एक भाजपा नेता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी की। देहरादून के पुलिस कप्तान सदानंद दाते ने बताया कि जल्द सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। (पढ़ें-घायल घोड़े पर राजनीति तेज, आमने-सामने भाजपा और कांग्रेस)

गौरतलब है कि विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं में धक्कामुकी हुई थी। इसी बीच घुड़सवार पुलिस का घोड़ा गिरकर घायल हो गया था और उसकी टांग टूट गई थी। जिसका आरोप भाजपा विधायक गणेश जोशी पर लगा था। इस मामले में एक विडियो भी वायरल हुआ था, (पढ़ें- असहिष्णुता | भाजपा विधायक ने तोड़ी घोड़े की टांग) जिसमें भाजपा विधायक जोशी घोड़े पर लाठी चलाते हुए नजर आए थे। जिसके बाद इस देहरादून पुलिस ने जोशी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज किया है।

हालांकि जोशी लगातार इस बात से इंकार कर रहे हैं कि उन्होंने घोड़े पर वार किया है। जोशी ने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें एक अन्य शख्स घुड़सवार से खींचतान करते हुए नजर आ रहा था। (देखें वीडियो | BJP MLA नहीं , इस शख्स की वजह से टूटी घोड़े की टांग !)

जोशी का दावा था कि उस शख्स की वजह से ही घोड़े की टांग टूटी थी। बताया जा रहा है कि वीडियो फूटेज में घुड़सवार से खींचतान करते हुए नजर आ रहा शख्स प्रमोद बोरा ही है, जिसे आज देहरादून पुलिस ने हल्द्वानी से गिरफ्तार किया है। (पढ़ें-घोड़ा विवाद में नया खुलासा, पढ़ें- आखिर कैसे टूटी घोड़े की टांग ?)

uttarakhand postपर हमसे जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक  करे , साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार ) के अपडेट के लिए हमे गूगल न्यूज़  google newsपर फॉलो करे